Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

कश्मीर की बिंदास रग्बी स्टार इर्तिका अयूब बोलीं, ना हारी हूं और ना कभी हार मानूंगी

Published - Tue 09, Jul 2019

फिल्म अभिनेत्री जायरा वसीम ने फिल्मों को अलविदा कह दिया है। उन्होंने धार्मिक अड़चन का हवाला देकर बॉलीवुड से मुंह फेर लिया। उनके इस फैसले से पूरा देश स्तब्‍ध  है। ऐसे में कश्मीर की ही एक लड़की इर्तिका अयूब मिसाल बन रही है। बिना किसी की परवाह किए हुए वो आज 50 लड़कियों को रग्बी की कोचिंग दे रही है। नेशनल लेवल पर खेल चुकी इर्तिका पर भी कई घिनौने आरोप लगाए गए, लेकिन वह घबराई नहीं, ना ही कहीं रूकीं बल्कि हिम्मत और हौसले से अपना खेल खेलती रहीं और आगे बढ़ती रहीं। कश्मीर की सबसे कम उम्र की रग्बी कोच इर्तिका अयूब बन रहीं मिसाल...

Irtiqa Ayoub Kashmir aparajita

दुनिया में अब कोई ऐसा स्पोटर्स यानी खेल नहीं हैं, जिसमें भारतीय महिलाओं ने अपना परचम ना लहराया हो। चाहे वो  कबड्डी, शतरंज, खो-खो, कुश्ती, गिल्ली-डंडा, तीरंदाजी, हैंडबॉल जैसे क्षेत्र हों या फिर क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, बास्केटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन इत्यादि के मैदान ही क्यों ना हों। रग्बी, यह इंटरनेशनल खेल है और इसमें भी एक भारतीय महिला ने अपने जौहर दिखाते हुए देश-दुनिया में भारत खासकर कश्मीर का नाम रोशन किया है।  जी हां, कश्मीर देश का वह संवेदनशील राज्य है, जहां महिलाओं का घर से बाहर निकलना भी मुश्किल होता है। इसी कश्मीर की बेटी इर्तिका अयूब एक ऐसा खेल खेल रही हैं, जो कुछ साल पहले तक कश्मीर में मौजूद ही नहीं था। इस समय वह पचास कश्मीरी लड़कियों को रग्बी सिखा रही हैं। आज वह कश्मीर की सबसे जानी-पहचानी शख्सियत बन चुकी हैं। कहती हैं, कश्मीर घाटी में लड़कियों को कुछ बनने के लिए या अपना करियर बनाने के लिए सबसे पहले तो अपने ही परिवार की सरहदें लांघनी पड़ती हैं। फिर आस-पास के लोग, रिश्तेदारों के तानों को सहना पड़ता है। घरवालों पर भी दबाव रहता है कि बेटी की शादी-ब्याह कर दो। ऐसे में कई होनहार लड़कियां डिप्रेशन का शिकार हो जाती हैं। खुद इर्तिका अयूब को भी ऐसी तमाम मुश्किलें झेलनी पड़ी हैं। डिप्रेशन में रहना पड़ा है, लेकिन वह हार नहीं मानी हैं, न कभी मानेंगी।
 
 
पहली लड़ाई घरवालों से लड़ी, पिता का मिला दिया
इर्तिका बताती हैं कि अपने संघर्ष की शुरुआत तो उन्हे अपने घर से ही करनी पड़ी थी। उनका खेलना शुरू में उनके परिवार को अच्छा नहीं लगता था, लेकिन उनकी खेल गतिविधियों पर उनके पिता शेख मोहम्मद उस वक्त गर्व करते थे, जब टीवी पर अथवा पत्र-पत्रिकाओं में उनकी तस्वीरें देखते थे। उन्होंने अपने स्कूल टूर्नामेंट के साथ खेलना शुरू किया था। बाद में वह राष्ट्रीय खेलों में जाने लगीं। उन्हीं दिनो उनके साथ एक दुखद वाकया हुआ। खेल के दौरान उनकी नाक टूट गई। परिवार के लोग एक बार फिर बिफर उठे। जान-पहचान के लोग भी कहने लगे कि अब तो इस लड़की से कोई शादी भी नहीं करेगा। एक बार तो वह डिप्रेशन में चली गईं। तब भी सिर्फ पिता ने उनका साथ निभाया।
 
 
लड़के-लड़कियों के खेल अलग क्यों
‘एमिनेन्स अवॉर्ड्स’ से सम्मानित कश्मीर घाटी की सबसे कम उम्र, चौबीस साल की स्टार खिलाड़ी इर्तिका अयूब को यह बात अच्छी नहीं लगती है कि खेल भी जेंडर (लैंगिक) अनुपात को प्राथमिकता दी जाए। उनका मानना है कि इससे कुल मिलाकर सामूहिक स्तर पर खेल का ही नुकसान होता है। वह कहती हैं कि पश्चिमी देश चाहे जितने विकसित हो चुके हैं, उनके साथ ही, आज पूरी दुनिया में लड़कों का खेल अलग, लड़कियों का खेल अलग, यानी ये सिस्टम खांचों में बांट दिया गया है, जबकि यह वर्गीकरण खिलाड़ी की योग्यता के अनुपात में होना चाहिए। ऐसा भी हो सकता है कि एक लड़के की तुलना में कोई लड़की ज्यादा बेहतर टीम की कप्तान साबित हो, तो उसे ही अवसर दिया जाना चाहिए। ऐसा तभी संभव हो सकता है, जब जेंडर लेबल पर कॉमन टीम हो यानी लड़के और लड़कियां एक साथ। ट्रेडिशनल टीम उसी पुराने खांचें में दर्शकों के लिए भी उबाऊ हो चुकी हैं। ट्रेंड बदले, नए फॉर्मूले में टीमों का गठन हो, तो हमारे नए-पुराने सभी खेल और भी ज्यादा रोमांचक हो सकते हैं। जेंडर के आधार पर टीमों के गठन के अपने लिमिटेशंस होते हैं, इससे कुल मिलाकर बेहतर खेलने वाली लड़कियों के साथ भी वही रवैया अख्तियार किया जा रहा है, जैसा कि घरों के भीतर महिलाओं के साथ दोयम दर्जे का व्यवहार होता है।
 
 
14 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं
अपने इन्ही क्रांतिकारी विचारों के कारण इर्तिका अयूब संघर्ष करती हुई खेल की दुनिया में अपनी नई पहचान बना चुकी हैं। इसके लिए इस रग्बी स्टॉर को बड़े अजीब-अजीब तरह के संघर्ष करने पड़े हैं। रग्बी से पहले वह अपनी उम्र के लड़कों के साथ फुटबॉल खेला करती थीं लेकिन पिछले आठ वर्षों से सिर्फ रग्बी खेल रही हैं। वह अब तक कश्मीर घाटी में कुल 14 स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं, जिनमें सात राज्य स्तर पर और सात जिला स्तर पर जीती हैं। वह जम्मू-कश्मीर की सबसे कम उम्र की रग्बी विकास अधिकारी (आरडीओ) हैं। वह अब तक स्कूल-कॉलेजों के सैकड़ों बच्चों को भी प्रशिक्षित कर चुकी हैं।
 
 
इज्जत पर सवाल उठाने लगे
इर्तिका खेल में राजनीति का शिकार भी हुईं, लेकिन उन्होंने अपने कदम पीछे नहीं खीचें। जब वह हाईस्कूल में पढ़ रही थीं, उन्हें नहीं मालूम था कि रग्बी कौन सा खेल होता है। उनके स्पोर्ट्स टीचर ने सबसे पहले रग्बी खेल में भाग लेने के लिए कहा और वह खेलने लगीं। एक दिन डिस्टिक टूर्नामेंट में जब उन्होंने गोल्ड मेडल जीत लिया तो सफल रग्बी खिलाड़ी के रूप में उनका सिक्का जम गया। फिर उनका नेशनल टूर्नामेंट में चयन हो गया लेकिन परिवार वाले फिर रुकावट बन गए। वे उन्हे कश्मीर से बाहर नहीं भेजना चाहते थे। उनके चाचा के समझाने पर परिवार वाले किसी तरह सहमत हुए और उन्होंने नेशनल टूर्नामेंट में सिल्वर जीत लिया।
इर्तिका बताती हैं कि एक बार तो उनके सीनियर ही उनकी इज्जत पर सवाल उठाने लगे। धमका कर उनसे रिजाइन ले लिया गया। वह छह महीने तक डिप्रेस्ड रहीं लेकिन पापा मोटिवेट करते रहे। वह संघर्ष के लिए एक बार फिर उठ खड़ी हुईं और अकेले रग्बी लड़कियों की कोचिंग करने लगीं। 'रग्बी ऑल इंडिया फेडरेशन' ने उनको रग्बी डिवेलपमेंट ऑफिसर नियुक्त किया है। इर्तिका कहती हैं कि उनको उसी तरह की मुश्किलों का सामना करना पड़ा है, जिस तरह अन्य कश्मीरी लड़कियों को करना पड़ता है। वर्तमान में इर्तिका को अपने परिवार का पूरा-पूरा सपोर्ट है। वह आज भी फुटबॉल, खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल या क्रिकेट में भी रुचि रखती हैं। अब तक वह एक लंबा सफर तय कर चुकी हैं।
 
 
कश्मीरी लड़कियां चाहती हैं मौका
इर्तिका का मानना है कि हर तरह के खेल में कश्मीरियों की बड़ी प्रतिभा है। यहां की लड़कियां चाहती हैं कि वे किसी भी खेल में शामिल हों लेकिन उनको कोई मौका नहीं दिया जा रहा है। उन्हें भी घर-परिवार की बंदिशों का सामना करना पड़ रहा है। इन लड़कियों को जम्मू-कश्मीर खेल परिषद से बड़ी उम्मीदें हैं।           Story by- Sunita kpoor