Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

नासा तक पहुंची भव्या लाल ने कोशिश से किया कमाल

Published - Wed 03, Feb 2021

भारतीय मूल की भव्या लाल को नासा ने कार्यकारी प्रमुख बनाया है। वो नासा के लिए परिवर्तन संबंधी समीक्षा दल की सदस्य हैं।

bhavya lal

नई दिल्ली। भारतीय बेटियां कहां तक अपनी काबलियत का लोहा मनवा रही हैं, इसका ताजा उदाहरण भारतीय मूल की अमेरिकी महिला भव्या लाल है, जिन्हें हाल ही में नासा ने कार्यकारी प्रमुख बनाया है। वह नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन का जिम्मा संभालेंगी। भव्या लाल अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन के नासा के लिए परिवर्तन संबंधी समीक्षा दल की सदस्य हैं और बाइडन प्रशासन के अंतर्गत एजेंसी में बदलाव से जुड़े कामों को देख रही हैं।
परमाणु इंजीनियरिंग में डिग्री
देश की इस बेटी के पास परमाणु इंजीनियरिंग और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का व्यापक अनुभव है। 2005 से 2020 तक वह इंस्टीट्यूट फॉर डिफेंस एनालिसिस साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी इंस्टीट्यूट की सदस्य रह चुकी हैं। उन्होंने परमाणु इंजीनियरिंग में बीएससी और एमससी डिग्री हासिल की है। साथ ही मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से प्रौद्योगिकी एवं नीति में मास्टर डिग्री प्राप्त की है। उन्होंने जॉर्ज वॉशिंगटन यूनिवर्सिटी से सार्वजनिक नीति और सार्वजनिक प्रशासन में डॉक्टरेट की उपाधि प्राप्त की है।
कई पदों पर रह चुकी हैं भव्या
नासा ने जब उनकी नियुक्ति की तो बताया गया कि वह व्हाइट हाउस ऑफिस ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी, नेशनल स्पेस काउंसिल, नासा, रक्षा मंत्रालय और इंटेलिजेंस कम्यूनिटी के लिए अंतिरक्ष तकनीक, रणनीति और पॉलिसी के विश्लेषण का नेतृत्व किया है। वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी नीति शोध एवं परामर्श कंपनी सी-एसटीपीएस एलएलसी की अध्यक्ष रह चुकी हैं। मैसाचुसेट्स, केम्ब्रिज में स्थित एक वैश्विक नीति शोध कंसल्टेंसी एब्ट एसोसिएट्स में सेंटर फॉर साइंस एंड टेक्नोलॉजी पॉलिसी स्टडीज की डायरेक्टर के पद पर भी वो लंबे समय तक कार्यरत्त रही हैं। नासा में बजट और वित्त विभाग की वरिष्ठ सलाहकार के तौर पर भी उन्होंने अपने सेवाएं दी हैं। भव्या न्यूक्लियर एंड इमर्जिंग टेक्नोलॉजीस इन स्पेस पर अमेरिकन न्यूक्लियर सोसायटी के वार्षिक सम्मेलन (एनईटीएस) के पॉलिसी ट्रैक की सह-संस्थापक और सह-अध्यक्ष हैं। वह सालाना स्मिथसोनियन नेशनल एयर एंड स्पेस म्यूजियम के साथ अंतरिक्ष इतिहास और नीति पर एक संगोष्ठी श्रृंखला का सह-आयोजन करती हैं।