Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

एक पैर के सहारे बॉडी बिल्डिंग की राह पर चली गुई युना

Published - Sat 20, Feb 2021

चीन की गुई युना उन महिलाओं के लिए एक प्रेरणा हैं, जो जीवन की जरा सी परेशानियों से हार मान लेती हैं।

yuna

नई दिल्ली। परेशानियां हर किसी के जीवन में आती हैं और उन परेशानियों से लड़ने के लिए हर कोई मेहनत करता है। लेकिन कई बार परेशानियां इतनी बड़ी हो जाती हैं कि इंसान जीने का मोह छोड़ देता है। लेकिन चीन की गुई युना ने जीवन से हारने के बाद भी हार नहीं मानी और अपने सपने को पूरा करने के लिए कोशिश की और आज वो सफलता की सीढ़ियां चढ़ रही हैं। एक पैर और बैसाखी के सहारे बॉडी बिल्डिंग में उन्होंने मेडल जीतकर दिखा दिया है कि जीवन से हार मानना समस्या का समाधान नहीं है।
दुनिया में ऐसे लोगों की कोई कमी नहीं है, जो दुनिया के लिए एक प्रेरणास्रोत हैं। इन्हीं में से एक नाम है चीन की गुई युना का। युना एक प्रोफेशनल बॉडी बिल्डर हैं और पेरा ओलंपिक की खिलाड़ी भी रह चुकी हैं। गुई युना ने हौसले की एक ऐसी मिसाल कायम की है, जो किसी के लिए भी प्रेरणादायक है।
साल 2004 में उन्होंने एथेंस में हुए पैरा ओलंपिक्स में हिस्सा लिया था। उस समय वो बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में एकदम नई थीं। लेकिन फिर भी उन्होंने बिजिंग में 2020 में हिस्सा लिया और हाई हील जूते और बिकनी में स्टेज पर बैसाखी की मदद से चलते हुए हुए दुनिया भर के लोगों का दिल जीत लिया। उनका मानना है कि दुनिया में सबकुछ संभव है। बस आपके मन में साहस और आत्मविश्वास होना चाहिए, जिसकी वजह से आप दुनिया के सामने खड़े हो सकते हों। वह एक ऐसी अवॉर्ड विनर बॉडी बिल्डर है, जो विकलांग हैं और जीत के सफर पर आगे बढ़ रही हैं।
संघर्षों से रहा पुराना नाता।
गुई युना  के जन्म से पहले ही उनके पिता का देहांत हो गया। मां ने उनकी परवरिश की। जब वो स्कूल में थीं, तो उनको दुर्घटना में अपना पैर खोना पड़ा। स्कूल से लौटते समय एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। लेकिन युना ने हार नहीं मानी और जीवन से लड़ती हुई सफल होने के लिए मेहनत जारी रखी। गुई ने 2004 के एथेंस पैरालंपिक में लॉन्ग जम्प प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था और सातवां स्थान हासिल किया। बॉडी बिल्डिंग उनके लिए एकदम नया क्षेत्र था, लेकिन फिर भी उन्होंने एक बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता में उन्होंने पहला पुरस्कार जीता। 2008 के बीजिंग समर गेम्स और पैरालिंपिक के लिए वो टॉर्च रिले में भी शामिल हुईं। 2017 में रिटायर होने के बाद भेदभाव भी सहा, लेकिन हार नहीं मानी और खेलों में मुकाम बनाना जारी रखा। खेल की दुनिया से रिटायर होने के बाद गुई ने 20 कंपनियों में नौकरी के लिए आवेदन किया, लेकिन हर जगह से उनके हाथ निराशा लगी। टिकटॉक पर उनके दो लाख से ज्यादा फॉलोवर्स हैं। वो बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में अच्छा कर रही हैं। आजकल वो चीन की सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं।