Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

साल 2019 में गूगल पर सर्च होने वाली टॉप 10 महिलाओं में 4 भारतीय, लता मंगेशकर सबसे ज्यादा की गईं सर्च

Published - Sat 28, Dec 2019

वर्ष 2019 में गूगल पर दुनियाभर की जिन 10 महिलाओं के बारे में सबसे ज्यादा सर्च किया गया उनमें 4 भारतीय हैं। ये सभी सिनेमा जगत से जुड़ी हैं। इनमें से तीन को तो लोग पहले से जानते थे। लेकिन एक महिला ऐसी हैं, जो रातो-रात सोशल मीडिया से लेकर गूगल तक पर छा गईं।

नई दिल्ली। भारतीय महिलाएं वैश्विक मंच पर अब जोरदार तरीके से अपनी उपस्थित दर्ज करा रही हैं। मामला चाहे तकनीक, शिक्षा, खेल, विज्ञान, राजनीति, रक्षा से जुड़ा हो या सिने जगत से, सभी जगह इसका लोहा माना जा रहा है। गूगल पर भी लोग इनके बारे में सर्च कर जानना चाहते हैं। वर्ष 2019 में गूगल पर दुनियाभर की जिन 10 महिलाओं के बारे में सबसे ज्यादा सर्च किया गया उनमें 4 भारतीय हैं। ये सभी सिनेमा जगत से जुड़ी हैं। इनमें से तीन को तो लोग पहले से जानते थे। लेकिन एक महिला ऐसी हैं, जो रातो-रात सोशल मीडिया से लेकर गूगल तक पर छा गईं। आम लोगों में इनकी खूब चर्चा रही। गूगल पर भी लोगों ने न सिर्फ इनके बारे में सर्च किया, बल्कि इनके जीवन के बारे में भी पढ़ा। आइये जानते हैं कौन हैं, ये चार महिलाएं।

1- लता मंगेशकर
स्वर कोकिला के नाम से विख्यात और तमाम राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकीं गायिका लता मंगेशकर को इस साल गूगल पर खूब सर्च किया गया। गूगल सर्च के मामले में वह टॉप 10 महिलाओं में दूसरे स्थान पर रहीं। हालांकि लोगों के उन्हें सर्च करने का कारण इस बार उनके गाने नहीं, बल्कि कुछ और था। दरअसल, लिजेंडरी गायिका लता मंगेशकर की इस साल सेहत काफी खराब रही। जिस कारण उन्हें अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। साल की शुरुआत से ही उनकी सेहत में उतार-चढ़ाव आता रहा। नवंबर में निमोनिया के चलते उन्हें तकरीबन 26 दिनों तक अस्पताल में भी बीताने पड़े थे। मीडिया में यह बात सामने आते ही दुनियाभर में रहने वाले उनके प्रशंसकों ने न केवल गूगल पर उन्हें सर्च किया, बल्कि उनके लिए दुआएं भी मांगीं।

2- रानू मंडल
जानी-पहचानी जाने वाली शख्सियतों से इतर एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली एक महिला को इस साल लोगों ने गूगल पर रिकार्ड स्तर पर सर्च किया। इनका नाम है रानू मंडल। बंगाल के नदिया  जिले के राणाघाट की रहने वाली रानू मंडल की शादी मुंबई में रहने वाले बाबुल मंडल से हुई थी। लेकिन पति की मौत के बाद वह वापस अपने घर लौट गईं। कोई और काम न आने के कारण रानू मंडल रेलवे स्टेशन पर लता मंगेशकर के गाने गाकर अपना भरण-पोषण करने लगीं। लेकिन यह बात उनकी बेटी को पसंद नहीं आई। मां की तंगहाली देख उनकी सगी बेटी ने भी अपना मुंह फेर लिया और बात तक करनी बंद कर दी। इस दौरान कई बार ऐसा हुआ कि रानू के पास खाने तक के पैसे नहीं थे और उन्हें भूखे पेट सोना पड़ा। लेकिन कुछ महीने पहले उस समय उनकी किस्मत ने यू-टर्न लिया जब राणाघाट रेलवे स्टेशन पर उन्हें गाना गाते देख अतींद्र चक्रवर्ती नाम के युवक ने 21 जुलाई 2019 को उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इस वीडियो ने रातो-रात रानू मंडल को स्टार बना दिया। इंटरनेट संसेशन बनकर उभरीं रानू मंडल का वीडियो देखने के बाद बॉलीवुड के जाने-माने सिंगर-कंपोजर हिमेश रेशमिया इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने रानू को अपनी फिल्‍म 'हैप्‍पी हार्डी एंड हीर' में गाने का मौका दे दिया। जिसे लोगों ने खूब पसंद दिया। रानू मंडल के नाम से फेसबुक पर एक पेज भी बना है, जिसे अब तक 2 लाख से ज्यादा लोग लाइक कर चुके हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पूरी दुनिया से रानू मंडल को गूगल पर सर्च किया गया। लोगों के उनके अतीत से लेकर आदत और परिवार तक के बारे में सर्च किया। उनके गानों को भी कई लाखों बार सर्च किया गया। गूगल पर सर्च के मामले में वह टॉप 10 महिलाओं की सूची में 7वें स्थान पर रहीं।

3- अभिनेत्री तारा सुतारिया
बॉलीवुड अभिनेत्री तारा सुतारिया भी इस साल गूगल पर काफी ज्यादा सर्च की गईं। फिल्म स्टूडेंट ऑफ द ईयर-2 से बॉलीवुड में डेब्यू करने वालीं तारा सुतारिया सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती हैं। वह बेबाकी से अपनी बात रखती हैं। अपनी पहली फिल्म में जोरदार अभिनय करने के बाद उन्होंने अपनी अगली फिल्म मरजावां में एक मूकबधिर लड़की का किरदार निभाया है। फिल्म का ट्रेलर लांच होने के साथ ही लोगों में इसकी काफी चर्चा रही। तारा बाल कलाकार के रूप में डिजनी चैनल के द सूट लाइफ ऑफ करण एंड कबीर शो में भी नजर आई थीं। तारा अपनी खूबसूरती, बिंदास अंदाज, बोल्डनेश और बेबाक बोल की वजह से जल्द ही युवाओं में काफी लोकप्रिय हो चुकी हैं। तारा सुतारिया गूगल पर सर्च के मामले में टॉप 10 महिलाओं में 8वें स्थान पर हैं।

4- कोयना मित्रा
 साल 2004 में आई संजय दत्त, अनिल कपूर और समीरा रेड्डी अभिनीत फिल्म 'मुसाफिर' में 'साकी साकी' गाने से बॉलीवुड में धूम मचाने वाली अभिनेत्री कोयना मित्रा भी इस साल गूगल पर खूब ट्रेंड हुईं। हालांकि उनके सर्च किए जाने का कारण उनकी फिल्में या कोई डांस आइटम नहीं है, बल्कि इसका कारण टेलीविजन शो बिग बॉस है। शो के सीजन 13 के प्रतिभागियों में कोयना मित्रा भी शामिल थीं। हालांकि उनका सफर इस शो में जल्द ही थम गया। शो से बाहर होने के बाद उन्होंने न केवल शो के होस्ट सलमान खान पर अपने प्रति भेदभाव का आरोप लगाया, बल्कि अन्य प्रतिभागियों के व्यवहार पर भी सवाल खड़े किए। बिग बॉस-13 के चलते बॉलीवुड एक्ट्रेस कोयना मित्रा इस साल काफी चर्चा में रहीं। वह गूगल पर सर्च की जाने वालीं टॉप 10 महिलाओं की सूची में 10वें स्थान पर रहीं।