Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

लड़कियों के बारे में अश्लील बातें लिखने वाले ग्रुप बॉयज लॉकर रूम का एडमिन गिरफ्तार

Published - Wed 06, May 2020

नोएडा का रहने वाला आरोपी बालिग है और 12 वीं कक्षा का छात्र है। आरोपी को ग्रुप के स्क्रीन शॉट व अजीब यूजर नेम रखने की वजह से जल्द पकड़ लिया गया। बॉयज लॉकर रूम में कुल 27-28 सदस्य थे। इनमें से 15 सदस्यों की पहचान कर ली गई है। इनमें से 8 लड़के नाबालिग हैं।

bios locker room

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की साइबर सेल ने देश को हिला कर रखे देने वाले इंटाग्राम पर बॉयज लॉकर रूम के ग्रुप एडमिन को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को कई घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया है। नोएडा का रहने वाला आरोपी बालिग है और 12 वीं कक्षा का छात्र है। आरोपी को ग्रुप के स्क्रीन शॉट व अजीब यूजर नेम रखने की वजह से जल्द पकड़ लिया गया। बॉयज लॉकर रूम में कुल 27-28 सदस्य थे। इनमें से 15 सदस्यों की पहचान कर ली गई है। इनमें से 8 लड़के नाबालिग है। इनमें से करीब पांच नाबालिग को भी पकड़ा गया है। पुलिस को सभी की आईडी मिल गई है। इस मामले में दक्षिण दिल्ली के एक स्कूल ने सबसे पहले पुलिस को शिकायत की थी। दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त जनसंपर्क अधिकारी अनिल मित्तल ने बताया कि ग्रुप के एडमिन को बुधवार सुबह गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस ने इंटाग्राम से ग्रुप व ग्रुप के सदस्यों की डिटेल मांगी है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
नोएडा से पकड़ा गया, सभी लड़कों के मोबाइल जब्त
साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्रुप एडमिन को मंगलवार को नोएडा से पकड़ा गया था। वह पुलिस के बुलावे पर पूछताछ में शामिल नहीं हुआ था। उससे रात करीब दो बजे तक पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद ग्रुप एडमिन को गिरफ्तार कर लिया गया। ग्रुप एडमिन समेत सभी लड़कों के मोबाइल जब्त कर लिए हैं। सभी के मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साइबर सेल के पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। बॉयज लॉकर रूम में एक भी लड़की नहीं थी। ये लड़के अपनी लड़की दोस्तों की अश्लील फोटो ग्रुप में डाल रहे थे और उनके बारे में भद्दी व अश्लील बातें लिख रहे थे। सभी आरोपी लड़के व लड़कियां दिल्ली खासकर दक्षिण दिल्ली व एनसीआर के नामी स्कूलों में पढ़ते हैं और अच्छे घरानों से हैं।
साकेत में स्थित स्कूल ने की थी शिकायत
बॉयज लॉकर रूम मामले में दक्षिण दिल्ली में स्थित नामी प्राइवेट स्कूल भी सामने आया है। ये स्कूल साकेत में स्थित है। इस स्कूल की ओर से सबसे पहले साकेत पुलिस स्टेशन में शिकायत दी गई थी। स्कूल का कहना था कि उनके स्कूल की एक छात्रा को इंस्टाग्राम पर बदनाम किया जा रहा है। किसी छात्रा ने ही स्कूल प्रशासन को इसकी सूचना दी थी।
एडमिन ने ही ग्रुप में जोड़ा था
नोएडा के लड़के ने ही अप्रैल के पहले सप्ताह में ये ग्रुप बनाया था। उसने दूसरे लड़के को ग्रुप एडमिन बनाया और फिर दूसरे ग्रुप एडमिन ने और ग्रुप के कुछ सदस्यों को जोड़ा था। ग्रुप में 27-28 सदस्य थे। 
ग्रुप के एक सदस्य ने माफी मांगी
ग्रुप के सदस्य रहा एक लड़का अब माफी मांग रहा है। ये लड़का भी अश्लील फोटो व भद्दी बातें लिखने में शामिल रहा है। माना जा रहा है कि डर की वजह से वह माफी मांग रहा है। इस लड़के ने सोशल मीडिया पर ऑडियो डालकर कहा है कि वह ऐसे ग्रुप का सदस्य रहा है हम सभी दोस्त मजा कर रहे थे। अब मुझे शर्म आ रही है। इस लड़के का कहना है कि वह अपने बचाव में कोई बयान नहीं देगा। मैं हर लड़की से माफी मांगता हूं और अब मैं डर गया हूं।
सामूहिक दुष्कर्म की बात करने वाले अभी पर्दे के पीछे हैं
ग्रुप में सामूहिक दुष्कर्म की बात करने वाले सदस्य अभी पर्दे के पीछे हैं। पकड़े गए लड़के ने बताया कि वह ग्रुप में लड़कियों के बारे में बातें होती थी, मगर सामूहिक दुष्कर्म जैसी बात नहीं होती थी। वह इंटाग्राम से लड़कियों की फोटो लेता था और ग्रुप में डालता था। इसके बाद इन लड़कियो के फिगर व कपड़ों के बारे में बातें होती थीं।
बॉयज लॉकर रूम मामला पहुंचा हाईकोर्ट
इंस्टाग्राम पर बॉयज लॉकर रूम ग्रुप चैट का मामला दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। सुप्रीम कोर्ट की वकील नीला गोखले ने हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से मामले का स्वत: संज्ञान लेने का अनुरोध किया है। इसके अलावा वकील इलम परिधि ने भी जस्टिस डीएन पटेल को पत्र लिखा है। दोनों वकीलों ने चीफ जस्टिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश देने और जल्द जांच कराने की मांग की है। पत्र में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफार्म और प्रौद्योगिकी नई चीजों को सीखने और प्रतिभा के विकास के लिए वरदान है, लेकिन विकृत मानसिकता वाले चंद लोग इनका गलत इस्तेमाल करते हैं। इन मंचों की विश्वसनीयता और उपयोगिता कमतर करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।