Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

आईएएस मोनिका का गांव से अटूट नाता, सोशल मीडिया पर छाया देसी लुक

Published - Fri 05, Feb 2021

आधुनिकता की चकाचौंध में आज युवाओं का अपनी माटी से जुड़ाव खत्म होता जा रहा है। कम ही युवा होंगे जो किसी बड़े मुकाम पर पहुंचने के बाद भी अपने रीति-रिवाज को पूरी निष्ठा से निभाते होंगे। इन सारी बातों के बीच राजस्थान की एक युवा आईएएस ऐसी हैं, जो कम उम्र में यूपीएससी की परीक्षा पास करने के बाद भी अपनी माटी से जुड़ी हुई हैं। हम यहां बात कर रहे हैं आईएएस अफसर मोनिका यादव की। मोनिका की सादगी और गांव की संस्कृति के जुड़ाव ने आज उन्हें सोशल मीडिया पर एक सेलिब्रेटी बना दिया है। आइए जानते हैं इस युवा आईएएस अफसर के बारे में....

नई दिल्ली। आईएएस अफसर वैसे तो अपनी तेज-तर्रार कार्यप्रणाली या फिर विवादित फैसलों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन राजस्थान की आईएएस मोनिका यादव के सुर्खियों में आने की वजह है उनकी सादगी। बीते दिनों सोशल मीडिया पर इस युवा आईएएस का फोटो जमकर वायरल हुआ। इसके बाद यह यकायक चर्चा में आ गईं। हर कोई इस महिला आईएएस के बारे में जानना चाहता था। वायरल फोटो में आईएएस मोनिका अपनी बेटी के जन्म के बाद देसी लुक में नजर आ रही हैं। साथ ही वह रीति-रिवाज से जुड़ी परंपराओं का भी निर्वाह्न करती नजर आ रही हैं।

सीकर जिले की रहने वाली हैं मोनिका 

युवा आईएएस मोनिका यादव सीकर जिले के श्रीमाधोपुर तहसील के लिसाड़िया गांव की रहने वाली हैं। साल 2017 में मोनिका ने यूपीएससी में 403वीं रैंक हासिल की। जिसके बाद वह राजस्थान कैडर की आईएएस बनीं। मोनिका को सादगी काफी पसंद है। उन्हें अपने गांव और उनकी परंपराओं से काफी लगाव है। मोनिका की सादगी से उनके साथ काम करने वाले लोग भी काफी प्रभावित रहते हैं। मोनिका ने मार्च 2020 में बेटी को जन्म दिया। जिसके बाद उनकी फोटो सोशल मीडिया पर छा गई। मोनिका ने बचपन से ही अफसर बनने का सपना देखा था। इसके पीछे वजह थी पिता का भी अधिकारी होना। मोनिका के पिता हरफूल सिंह यादव वरिष्ठ आरएएस अधिकारी हैं। अपने सपने को साकार करने के लिए मोनिका यादव ने जमकर मेहनत की और अपना मुकाम पाया।

मोनिका के पति भी हैं आईएएस

मोनिका की शादी आईएएस सुशील यादव से हुई है। सुशील वर्तमान में राजसमंद में एसडीएम के पद पर कार्यरत हैं। मोनिका के पति सुशील यादव बताते हैं कि यह तस्वीर उस समय की हैं जब मोनिका ने बेटी को जन्म दिया था। उन्होंने बताया कि मोनिका का सामाजिक परंपराओं से काफी जुड़ाव रहा है। वे अब भी इनके प्रचार-प्रसार और अच्छी परंपराओं से लोगों को जोड़ने का प्रयास करती हैं।

परंपराओं से कभी नहीं तोड़ा नाता

मोनिका यादव की देसी लुक वाली फोटो सोशल मीडिया पर इतनी पसंद की जाएगी इसकी उम्मीद न तो उन्हें थी, ना ही उनके पति को। सुशील यादव कहते हैं यह फोटो इतनी वायरल हो जाएगी इसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। आज सोशल मीडिया पर मोनिका की सराहना की जा रही है। इसकी वजह सिर्फ यह फोटो ना होकर उनका ग्रामीण संस्कृति के प्रति प्रेम भी है। मोनिका का ग्रामीण परिवेश के साथ वहां की संस्कृति को अपनाना और ऐसे रीति-रिवाजों में हिस्सा लेना सोशल मीडिया में एक्टिव रहने वाले यूजर्स को काफी पसंद आ रहा है। मोनिका ने आईएएस बनने के बाद भी अपनी परंपराओं से नाता नहीं तोड़ा।

गांव पहुंचते ही रंग जाती हैं उसके रंग में

मोनिका ने अफसर बनने के बाद भी खुद से गांव की परंपराओं को दूर नहीं होने दिया। आज भी वे जब गांव जाती हैं तो उसी देसी अंदाज में नजर आती हैं। मोनिका गांव के युवाओं को भी अपनी परंपराओं से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करती हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे गांव के युवाओं को वह जरूरी टिप्स भी देती हैं।