Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

इस्राइल की सबसे धनी महिला हैं मरियम, हमेशा केवल चैरिटी पर देती हैं ध्यान

Published - Fri 26, Feb 2021

इस्राइल की सबसे धनी महिला हैं मरियम एडेल्सन हैं, हालांकि वह अमेरिका में रहती हैं और वहां की ताकतवर महिला में शुमार की जाती हैं। बावजूद इसके वह बहुत ही साधारण जीवन जीती हैं और अपनी चैरिटी के लिए जानी जाती हैं। यूं तो अमेरिका में रहते हुए उन्हें कई दशक बीत चुके हैं, लेकिन उनके दिल में केवल इस्राइल ही बसता है। उन्हें इस्राइल की सबसे धनी महिला का खिताब हासिल है।

नई दिल्ली। इस्राइल की सबसे अमीर महिला मरियम एडेल्सन पेशे से डॉक्टर हैं और वह अकूत धन-संपत्ति की मालकिन हैं।  उनके पति शेल्डन एडल्सन दुनिया के रईस लोगों में शुमार किए जाते हैं। हालांकि उनकी कहानी आसान नहीं है। बात 1940 के दौर के शुरुआती सालों की है। जब नाजी तानाशाह हिटलर यहूदियों पर भीषण अत्याचार कर रहा था, तब कई यहूदी अपनी जान बचाकर भागे थे। उसी वक्त पोलैंड से किसी तरह जान-बचाकर एक यहूदी परिवार भी भागा था। 1948 में ये परिवार वर्तमान इस्राइल के हैफा शहर में सेटल हो गया। परिवार के पास जो कुछ था वो सब कुछ पोलैंड में छूट गया था। ऐसे में यहूदियों के लिए एकमात्र देश इजराइल ही सहारा था। इस बात को करीब 73 साल बीत चुके हैं, लेकिन अब इसी परिवार की एक बिटिया इस्राइल की सबसे धनी शख्सियत हैं। उनका नाम है मरियम एडेल्सन। 

कैसी थी मरियम की शुरुआती जिंदगी

 मरियम के एकाएक रईस बनने की कहानी बेहद दिलचस्प है लेकिन शुरूआती जिंदगी उतनी ही दुखदायी थी। दरअसल मरियम के पिता पोलैंड से इस्राइल पहुंचे थे और फिर उन्होंने धीरे-धीरे करके अपना कारोबार जमाना शुरू किया। जिस हैफा शहर में मरियम का परिवार सेटल हुआ था, वहीं से उन्होंने शुरुआती शिक्षा पाई। उन्होंने यहीं के सैकलर मेडिकल स्कूल से मेडिकल की डिग्री हासिल की। उसके बाद डॉक्टर के तौर पर यहीं से अपने करियर की शुरुआत की। यह बात 1970 के दशक की है। यहीं पर उन्होंने एक डॉक्टर एरियल से लव मैरिज की। इस विवाह से मरियम को दो संतानें हुईं लेकिन यह शादी लंबे समय तक नहीं टिक सकी। 

अमेरिका चलीं गईं 

1986 में मरियम तलाक लेकर एक एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत अमेरिका की रॉकफीलर यूनिवर्सिटी चली गईं। वहां पर वह रिसर्च करने लगीं। मरियम की जिंदगी इसी यूनिवर्सिटी में बदलने वाली थी, लेकिन उन्हें इसका अंदाजा नहीं था। इसी यूनिवर्सिटी में उनकी मुलाकात अमेरिका के बड़े बिजनेसमैन शेल्डन एडल्सन से हुई। पहली डेट के बाद दोनों एक-दूसरे के नजदीक आए और 1991 में दोनों की शादी हो गई। 

शेल्डन से शादी के बाद बदली जिंदगी

इस शादी के बाद मरियम की जिंदगी बिल्कुल बदल गई। वो अमेरिका के एक बड़े बिजनेसमैन की पत्नी बन चुकी थीं। शादी के दो साल बाद उन्होंने युवाओं में ड्रग्स के बढ़ते चलन को लेकर एक रिसर्च सेंटर की शुरुआत की। बिजनेसमैन और ताकतवर पति की वजह से मरियम ने अमेरिका में और भी क्लीनिक खोले। जिसमें लॉस वेगास में स्थित एक बड़ा रिसर्च इंस्टीट्यूट भी शामिल है। 

दिल में रहता है इजराइल

सबकुछ होने के बावजदू मरियम सार्वजनिक कार्यक्रमों से दूर ही रहती थीं। वह अपने रिसर्च इंस्टीट्यूट और मेडिकल की दुनिया में ही खोई रहती थीं। राजनीतिक घटनाओं से उनका कोई लेना-देना नहीं था। वो केवल, इजराइल को लेकर बातें करती थीं। मरियम की मानें तो वह भले ही अपने देश से दूर अमेरिका में बस गई हों लेकिन उनका दिल इजराइल में ही रहता है। उनके पति अमेरिका में रिपब्लिकन पार्टी के बड़े फंडर में से एक हैं। मरियम की वजह से ही उनके पति शेल्डन का झुकाव इजरायल के प्रति हुआ। खुद शेल्डन पहले डेमोक्रेटिक पार्टी के समर्थक थे लेकिन बाद में उन्होंने राजनीतिक फंडिंग रिपब्लिकन पार्टी को देनी शुरू की।  मरियम और उनके पति शेल्डन उन खास लोगों में थे, जिन्हें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में बेहद सम्मान के साथ आमंत्रित किया गया था। 

अमेरिका, इजराइल दोनों की है नागरिकता, नाम है डेढ़ लाख करोड़ से ज्यादा की संपत्ति 

अमेरिका और इस्राइल की नागरिकता रखने वाली मरियम पहले से ही इजराइल के अमीर लोगों में शुमार की जाती थीं। बड़े मेडिकल प्रोजेक्ट की मालकिन होने के कारण उनके पास काफी संपत्ति थी, लेकिन 2019 में वो एकाएक पहले नंबर पर आ गई। माना जा रहा है कि इसका कारण उनके पति द्वारा संपत्ति का ट्रांसफर किया जाना था। इस समय वह करीब डेढ़ लाख करोड़ से ज्यादा की संपत्ति की मालकिन हैं। वह आज भी इस्राइल की सबसे अमीर महिला हैं।

पति हैं दुनिया के बड़े कारोबारियों में शामिल

मरियम के पति शेल्डन एडल्सन दुनिया के बड़े कारोबारियों में शामिल रह चुके हैं। परिवार के पास अपना प्राइवेट जेट भी है। 2007 और 2008 में शेल्डन अमेरिका के तीसरे सबसे अमीर शख्स थे, हालांकि अपने पति के पास-अकूत धन संपत्ति होने के बावजूद भी मरियम अपने रिसर्च और डॉक्टरी के पेशे में ही लगी रहीं। दोनों अमेरिका में मजबूत राजनीतिक दखल भी रखते हैं। मरियम की वजह से ही शेल्डन का झुकाव चैरिटी की तरफ भी हुआ। 86 वर्षीय शेल्डन एडल्सन गंभीर बीमारी से पीड़ित है और पिछले लंबे समय से पब्लिक अटेंशन से दूर हैं। उनके पूरे कारोबार की जिम्मेदारी अब मरियम ही संभाल रही हैं।