Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

मोबाइल फोन के एप से यौन शेषण की शिकायत सीधे डीएम को

Published - Fri 21, Jun 2019

कमेटी करेगी जांच, इंट्रा कंपनी बना रही ऐप और वेबसाइट, 15 अगस्त तक तैयार करने का दावा

phone

नोएडा। कार्यस्थल पर यदि महिलाओं का शोषण होता है तो वह जल्द ही एप से इसकी शिकायत वहीं बैठे-बैठे कर सकेंगी। महिला द्वारा की गई शिकायत सीधे डीएम के पास पहुंचेगी। जिसकी जांच जिलास्तरीय कमेटी कर जल्द से जल्द कार्रवाई करेगी। य​ह सब संभव होगा इंट्रा आईटी कंपनी सीएसआर के तहत बनाए जा रहे एक एप और वेबसाइट के जरिए। इस पर तेजी से काम चल रहा है। जल्द ही यह एप लांच कर दिया जाएगा।
समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका बढ़ती जा रही है। आज वह पुरुषों से कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। जाने या अनजाने में महिलाओं के साथ कार्य स्थल पर शारीरिक उत्पीड़न हो रहे हैं। इसे रोकने के मकसद से 2013 में एक अधिनियम बनाया गया था। जिसके तहत हर संस्थान में कमेटी बननी थी। गौतम बुद्ध नगर में 14 हजार से अधिक कंपनियां और संस्थान हैं। लेकिन कहीं भी महिला अपराध रोकने के लिए कमेटी का गठन नहीं किया गया है। बृहस्पतिवार को यह बात डीएम बीएन सिंह ने सेक्टर-27 स्थित होटल में महिला उत्पीड़न पर आयोजित सेमीनार में कही। जिलाधिकारी ने कहा कि एक से दो सप्ताह में इंट्रा आईटी कंपनी सीएसआर के तहत एक एप और वेबसाइट समाज को मुहैया कराएगी। कार्य स्थल पर महिला के साथ किसी भी तरह के अपराध की शिकायत की जा सकेगी। शिकायत कंपनी की कमेटी और अध्यक्ष के पास जाएगी। तय अवधि में निराकरण नहीं होने पर वह जिला प्रशासन द्वारा गठित कमेटी के पास चली जाएगी। खास बात यह है कि एक ही बात पीड़िता को हर बार नहीं बतानी होगी। यह कमेटी प्रत्येक उस कार्य स्थल पर अनिवार्य है जहां 10 से अधिक महिलाएं कार्य कर रही हैं।

प्रचार प्रसार बेहद जरूरी : जिलाधिकारी
जिलाधिकारी का कहना है कि कंपनी ऐप और वेबसाइट 15 अगस्त तक तैयार करने का दावा कर रही है। मगर इसका प्रचार प्रसार बेहद जरूरी है। दरअसल ज्यादातर महिलाओं को पता ही नहीं है कि ऐसी स्थिति में शिकायत करनी कहां है। इंट्रा की तरफ से हर महीने एक से दो सेमिनार होंगे। इसमें कंपनी की महिला कर्मचारियों को शामिल होना होगा।

महिलाओं को मिलेगा न्याय
इंट्रा के सीईओ अशोक व जेएमडी स्वाति डे ने बताया कि ऐप यूपी ही नहीं बल्कि देश में अनोखा होगा। इसकी मदद से कार्य स्थल पर यौन उत्पीड़न के मामलों में न्याय मिलेगा। सभ्य समाज में इस तरह की घटनाएं बेहद चिंताजनक है। शिकायतें होंगी तो कार्रवाई भी होगी। फिर ऐसी घटनाओं पर लगाम लग सकेगी। इस मौके पर कमेटी की कोऑर्डिनेटर गुंजा सिंह समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।