Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

साइकिल से देशभर की यात्रा की तैयारी में प्रीति मास्के

Published - Wed 03, Mar 2021

पुणे की प्रीति मास्के साइकिल से 22 दिनों में 6,000 किलोमीटर की यात्रा कर अपना नाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल कराने जा रही हैं।

Preeti Maske

नई दिल्ली। पुणे की रहने वाली प्रीति मास्के पेशे से साइकिलिस्ट हैं। वह अपने इस प्रोफेशन और पैशन के दम पर देश घूमने निकली हैं। उनका इरादा 22 दिन में छह हजार किलोमीटर की यात्रा कर विश्व रिकॉर्ड कायम करना है। पुणे के वाड़ा से अपने सफर की शुरुआत करने वाली प्रीति पुणे से बेंगलुरु, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, राजस्थान, मुंबई और फिर वापस पुणे आएंगी। प्रीति जिस मार्ग पर साइकिलिंग करेंगी उसे स्वर्णिम चतुर्भुज कहते हैं।
मिला है तीस दिन का समय
प्रीति को ये रिकॉर्ड बनाने के लिए गिनीज बुक के अधिकारियों की ओर से तीस दिन का समय दिया गया है। लेकिन प्रीति इस सफर को बाइस दिन में ही पूरा करना चाहती हैं। उनका कहना है कि उनका मकसद रिकॉर्ड बनाने के साथ-साथ दुनिया को ये दिखाना है कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं।
साइकिलिस्ट के साथ एक सफल व्यवसायी
प्रीति अपनी मां के साथ कारोबार भी करती हैं और एक सफल व्यवसायी भी हैं। चालीस की उम्र में साइकिलिंग के शौक को करियर बनाने वाली प्रीति अब तक  कई अंतर्राष्ट्रीय खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। 2017 में मलेशिया में हुए एशिया प्रशांत मास्टर्स एथलेटिक्स खेलों में उन्होंने भाग लिया था और 2 स्वर्ण पदक भी जीते थे। दिसंबर 2019 में उन्होंने कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक साइकिलिंग की थी। इसके अलावा उनके नाम कई और खिताब भी दर्ज हैं।