Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

महिलाओं को फैशन डिजाइनर बना रहीं रजिया, मिल चुके हैं कई पुरस्कार

Published - Mon 08, Mar 2021

गोरखपुर की रजिया सुल्तान को आज हर कोई जानता है। वह 40 महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रही हैं। इसके काम के लिए उन्हें कई पुरस्कार भी मिल चुके हैं। आज अंतराराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर उनके हौसले को सलाम।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर की रहने वाली रजिया सुल्ताना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर नजीर पेश कर रही हैं। रजिया ने 26 साल की उम्र में ही 40 महिलाओं को निशुल्क फैशन डिजाइनिंग का गुर सिखाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है। इस काम के लिए रजिया को 30 पुरस्कार मिल चुके हैं। इसमें एक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार भी शामिल है। रजिया कहती हैं कि वह महिलाओं को फैशन डिजाइनिंग का एक्सपर्ट बना रही हैं, उन्हें यह काम करने में बेहद सुकून मिलता है। वह कहती हैं कि वह यह सिलसिला हमेशा जारी रखेंगी। महिलाएं आत्मनिर्भर होंगी तो समाज में उनका सम्मान बढ़ेगा। वह आर्थिक तौर पर किसी पर आश्रित नहीं रहेंगी। जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वह अपने अनुसार अपने जीवन के फैसले ले सकेंगी। 

बचपन में ही उठ गया था पिता का साया

रजिया के सिर से पिता का साया बचपन में ही उठ गया था। मां की प्रेरणा और सहयोग से उन्होंने गोरखपुर विश्वविद्यालय से विज्ञान वर्ग में स्नातक और तीन साल के फैशन एसेसरीज एंड क्राफ्ट डिजाइनिंग का कोर्स किया। इसके बाद फैशन एवं टेक्सटाइल डिजाइनिंग में भविष्य संवारा। अब इसे ही अपना पैशन बना चुकी हैं।

कोरोना काल में भी देतीं रहींं प्रशिक्षण

एक प्राइवेट संस्था से फैशन एवं टेक्सटाइल डिजाइनिंग का कोर्स करने के बाद रजिया ने घर को ही कार्यस्थल बना लिया। कोरोना संकट के बीच तमाम चुनौतियां आईं, लेकिन रजिया ने हार नहीं मानी। महिलाओं को घर बुलाया और फैशन डिजाइनिंग की बारीकियों की जानकारी देनी शुरू कीं। एक बार में 15 महिलाओं को प्रशिक्षित करती हैं।