Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

रूबी ने तानों को नजरअंदाज कर पाई सफलता

Published - Tue 09, Mar 2021

तमिलनाडू की महिला बॉडी बिल्ड रूबी ब्यूटी एक सफल महिला हैं। परिवार और समाज से मिलने वाले तानों को उन्होंने अपनी ताकत बनाकर अपना मुकाम हासिल किया है।

ruby beauty

नई दिल्ली। किसी गलती या नाकामी के कारण यदि किसी को ताने मिलते हैं, तो वो हीन भावना से ग्रस्त हो जाता है। जबकि यही ताने कुछ लोगों को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। ऐसा ही कुछ तमिलनाडू की रूबी ने भी किया। पति उनके मोटापे के कारण उन्हें ताने देता था। मारता-पीटता भी। उनको ताने देता कि तुम घर में पड़ी रहने वाली जिंदा लाश हो। यहीं नही साथ ही परिवार के और लोग भी उन्हें दुनिया भर के ताने मारते थे अपमान करते थे। उनके मोटापे के कारण पति ने उन्हें छोड़ भी दिया। रूबी ने मिलने वाले तानों को आगे बढ़ने का आधार बनाया और बॉडी बिल्डिंग के क्षेत्र में मेहनत की और आज वो एक सफल महिला बॉडी बिल्डर हैं।
जब आगे बढ़ने की ठानी
रूबी के मोटापे के कारण जब पति ने उन्हें छोड़ दिया तो समाज और रिश्तेदारों ने उन्हें जलील करना शुरू किया। वो रोज मिलने वाले तानों से बेहद दुखी थीं और उन्हें खुद से ही नफरत होने लगी। उन्होंने सबकुछ भूलकर जिंदगी में आगे बढ़ने का फैसला किया। उन्होंने शरीर के मोटापे को घटाकर उसकी बनावट को बदलने की ठान ली। सुबह उठकर मीलों पैदल चलती। जिम में जाना शुरू किया और जिम में जमकर पसीना बहातीं। जुम्बा क्लाससेस शुरू कीं। आर्थिक स्थिति सही नहीं थी, तो मंहगे सप्लीमेंट नहीं ले पातीं। उनकी मजबूरियों से ट्रेनर कार्तिक परिचित थे तो उन्होंने रूबी को हिम्मत बंधाई और उनका साथ दिया। उन्होंने उनका एक साल का फिटनेस शेड्यूल तैयार किया और मेहनत की। इसका असर भी देखने को मिला और रूबी की बॉडी शेप लेने लगी।

तमिलनाडू की पहली महिला बॉडी बिल्डर
रूबी तमिलनाडू की पहली महिला बॉडी बिल्डर हैं और कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग भी ले चुकी हैं। रूबी ने देशभर में कई प्रतियोगिताओं में भी भाग लिया और गोल्ड मेडल जीतने के साथ-साथ अन्य पुरस्कार भी जीत चुकी हैं। उन्हें चेन्नई का मिस फिटनेस अवार्ड भी मिल चुका है। रूबी अब तक सौ से ज्यादा महिलाओं को फिटनेस ट्रेनिंग भी दे चुकी हैं।