Aparajita
Aparajita

महिलाओं के सशक्तिकरण की एक सम्पूर्ण वेबसाइट

लॉकडाउन में दे रहीं सुपर बैंकिंग सेवाएं

Published - Mon 18, May 2020

अर्थव्यवस्था चलाने में बैंकिंग सेवाओं का अहम रोल है। इसी रोल को बखूबी निभा रही हैं भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य महाप्रबंधक सलोनी नारायण। वह काम के साथ अपने कर्मचारियों का भी बखूबी ध्यान रख रही हैं।

सलोनी नारायण

नई दिल्ली। घरों की अर्थव्यवस्था चलाने में बैंकिंग सेवाओं का अहम रोल है। इसी रोल को और सार्थक बनाने में रात दिन जुटी हैं भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य महाप्रबंधक (लखनऊ सर्किल) सलोनी नारायण। एसबीआई की प्रदेश भर की 1660 बैंक शाखाओं व 4926 ग्राहक सेवा केंद्र की निगरानी के लिए सुबह 9 बजे से ऑफिस की कमान संभाल लेती हैं। बैंक शाखा में शारीरिक दूरी से लेकर सैनिटाइजर की उपलब्धता के लिए बनाई गई जिम्मेदारों की टीम को वह खुद लीड कर रही हैं। 

आवास पर ही खोला कैंप ऑफिस 

2700 से अधिक एटीएम की निगरानी के लिए आवास पर ही कैंप ऑफिस खोल लिया, ताकि रात में भी ठीक से निगरानी की जा सके। वह उत्तर प्रदेश में बैंक के करीब 15 हजार से अधिक अधिकारियों व कर्मचारियों से सीधे संपर्क कर उनका हाल भी जानती हैं। हैं। आपदा की इस घड़ी में बैंक के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन करने के साथ सामाजिक सरोकारों के प्रति भी सलोनी नारायण अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रही हैं।

20 हजार जरूरतमंदों को भोजन भी उपलब्ध कराया 

उन्होंने बैंक की ओर से करीब 20 हजार जरूरतमंदों को भोजन व पुलिसकर्मियों को वाटर जग और दो हजार से ज्यादा इलेक्ट्रोल पैकेट उपलब्ध कराए हैं। सलोनी कहती हैं कि अनिवार्य सेवा से जुड़े होने के नाते बैंककर्मियों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है, जो हर बैंककर्मी बखूबी निभा रहा है।